यूपीए और राष्ट्रीय सलाहकार परिषद की अध्यक्ष सोनिया गांधी की विदेश यात्राओं और उन पर हुए खर्च का ब्यौरा एक आरटीआई आवेदन के जरिए मांगा गया है। राजस्थान के भीलवाड़ा के कैलाश कंवर ने आरटीआई आवेदन देकर हाल में अमेरिका में हुए सोनिया गांधी के इलाज के संबंध में भी जानकारी मांगी है।
विदेश मंत्रालय में दायर की गई इस आरटीआई को संसदीय मामलों के मंत्रालय में भेज दिया गया। आरटीआई के हस्तांतरण के दौरान विदेश मंत्रालय ने इस पर टिप्पणी करते हुए कहा कि संसद सदस्य के नाते सोनिया गांधी की विदेश यात्राओं की जानकारी संसदीय मामलों के मंत्रालय के पास उपलब्ध होगी।
राष्ट्रीय सलाहकार परिषद की अध्यक्ष के रूप में सोनिया गांधी द्वारा की गई यात्राओं से संबंधित प्रश्नों को आरटीआई की धारा 6(3) II के तहत सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय को भेज दिया गया। इसके बाद सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने आरटीआई की अर्जी पर कहा कि मंत्रालय एनएसी के सदस्यों की जानकारी नहीं रखता, और उसे एनएसी को लौटा दिया। फिलहाल सोनिया गांधी की यात्राओं पर हुए खर्च का ब्यौरा मांगती यह आरटीआई की अर्जी अलग-अलग मंत्रालयों के चक्कर काट रही है।
ताज़ातरीन खबरों को देखने के लिए यहां क्लिक करें : न्यूज़ अपडेट



